Festivalनवीनतम लेखपर्व और त्यौहारहोली

होली 2022 | त्‍यौहार स्‍पेशल | कैसे छुड़ाएं चेहरे से होली के रंग ? होली के रंग से बचाव कैसे करे ?

 

कैसे छुड़ाएं चेहरे से होली के रंग | होली के रंग से बचाव

भारत के हर राज्य में अनेकों प्रकार से होली मनाई जाती है। कई जगहों पर लोग होली रंगों से खेलते हैं, तो कई जगहों पर फूलों से। इतना ही नहीं उत्तर प्रदेश में तो लठ मार होली भी खेली जाती है। मगर ज्यादातर लोग रंगों से होली खेलना पसंद करते हैं। वहीं होली खेलने में इस्तेमाल होने वाले रंग काफी नुकसानदेह होते हैं। मगर होली खेलने में लोग इतने मगन हो जाते हैं कि वो इन रंगों से अपनी त्वचा की रक्षा करना भूल जाते हैं। वहीं होली खेलते समय अगर थोड़ी सावधानी बरती जाए तो आप इन रंगों से होने वाले नुकसानों से बच सकते हैं और शरीर एवं बालों से इन रंगों को आसानी से निकाल सकते हैं।

होली खेलने से पहले क्या करें?

आप अपने चेहरे पर वैसलीन, क्रीम या फिर कोई भी तेल अच्छे से लगा लें। ऐसा करने से होली के रंग आपकी त्वचा पर नहीं चढ़ेंगे और आप आसानी से इन रंगों से निजात पा लेंगे। वहीं अगर फिर भी आपकी त्वचा पर ये रंग चढ़ जाते हैं, तो आप नीचे बताए गए घरेलू नुस्खों की मदद से इन्हें साफ कर सकते हैं।

कैसे छुड़ाएं होली के रंग  :-

चेहरे से होली के रंगों को निकालने के लिए बार-बार अपने चेहरे को ना धोएं। क्योंकि ऐसा करने से आपका चेहरा एकदम सूख जाएगा और चेहरे की त्वचा को भी काफी नुकसान पहुंचेगा। इसलिए अपने चेहरे को बार-बार धोने से बचें। वहीं घर की रसोई में मौजूद सामान का इस्तेमाल करके, कोई भी आसानी से होली के रंगों से छुटकारा पा सकता हैं। इतना ही नहीं नीचे बताए गए फेस पैकों की मदद से त्वचा को रंगों से जो नुकसान होता है, वो भी ठीक हो जाता है।

  • ठंडे पानी से छुड़ाएं रंग

लोगों को लगता है कि गुनगुने पानी से रंग छुड़ाना आसान होता है लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है। सच तो यह है कि गर्म पानी से रंग और गहरे हो जाते हैं। होली खेलने के बाद सबसे पहले चेहरे पर ठंडे पानी के छींटे मारें।

  • केले का फेस पैक

केले के फेस पैक की मदद से आपकी त्वचा से रंग आसानी से साफ हो जाएगा और आपके चेहरे पर निखार भी आ जाएगा। आपको बस केले को अच्छे से मैश कर, उसमें आधा चम्मच नींबू का रस मिलाना होगा। उसके बाद अपने चेहरे को साफ पानी से धो लें और फेस पर ये पैक लगा लें। इस पैक को 15 मिनट तक चेहरे पर लगे रहने दें। जब ये सूख जाए तो अपने चेहरे को गिला कर लें और कुछ देर तक इसे चेहरे पर अच्छे से रगड़ें (स्क्रब करें) और फिर इसे साफ कर दें।

  • मूली  का फेस पैक

रंग छुड़ाने के मामले में मूली का भी कोई जवाब नहीं है। मूली का रस निकालकर उसमें दूध व बेसन या मैदा मिलाकर पेस्ट बनाएं और उसे चेहरे पर लगाने से भी चेहरा साफ हो जाता है। चेहरा ही नहीं शरीर के किसी भी अंग पर लगे रंग को छुड़ाना हो तो भी इस पेस्ट का उपयोग किया जा सकता है।

  • बेसन का फेस पैक 

बेसन फेस पैक चेहरे के लिए सबसे अच्छा फेस पैक है। इस फेस पैक की मदद से आपको ना केवल चेहरे में लगे होली के रंगों से राहत मिलेगी। बल्कि इस फेस पैक की मदद से आपके चेहरे में नमी भी बनी रहेगी। आपको बस एक चम्मच बेसन में एक चम्मच दही,एक चुटकी हल्दी मिलाना होगा। फिर इस फेस पैक को अपने चेहरे पर अच्छे से लगा लें। वहीं जब आपको लगे की ये सूख गया है तो इसे साफ कर लें। वहीं अगर आपके पास दही नहीं है तो, आप बेसन में नींबू का रस या दूध भी डालकर फेस पैक बना सकते हैं। लेकिन ये याद रहे कि कभी-भी बेसन में पानी मिलाकर फेस पैक ना बनाएं।

  • मुल्तानी मिट्टी का फेस पैक 

रंगों की वजह से अगर आपके चेहरे पर किसी तरह के दाने हो गए हैं, तो आप मुल्तानी मिट्टी के फेस पैक की मदद से इन दानों से निजात पा सकते हैं। आपको बस मुल्तानी मिट्टी में कुछ बूंदे गुलाब जल की और थोड़ा सा पानी मिलाना होगा। फिर इस पेस्ट या पैक को 10 मिनट तक लगाए रखें और इसके सूख जाने के बाद इसे पानी की मदद से साफ कर लें। इस फेस पैक की मदद से आपके चेहरे को ठंडक मिलेगी और आपके चेहरे को रंगों से जो नुकसान पहुंचा होगा वो भी कम हो जाएगा।

  • जौ के आटा से करें स्क्रब

जौ के आटा में आप दूध या फिर दही मिलाकर एक पेस्ट तैयार कर लें। इस पेस्ट को अच्छे से चेहरे और गर्दन पर लगा लें। वहीं जब ये पेस्ट सूख जाए तो हल्के गुनगुने पानी से इसे धो लें। इस फेस पैक की मदद से चेहरे से होली के रंग भी उतर जाएगा और त्वचा में मौजूद गंदगी भी निकल जाएगी।

  • जौ के आटे का फेस पैक 

जौ का आटा व बादाम का तेल भी लोग शरीर पर लगे जिद्दी रंग को छुड़ाने में करते हैं। इनके तेल को त्वचा पर लगाकर रंग को साफ किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त दूध में थोड़ा सा कच्चा पपीता पीसकर मिलाएं। साथ ही थोड़ी सी मुलतानी मिट्टी व थोड़ा सा बादाम का तेल मिक्स करें और करीब आधे घंटे बाद चेहरा धो डालें।

  • दाल का फेस पैक

मसूर  दाल को पीसकर आप उसे एक स्क्रब की तरह भी इस्तेमाल कर सकते हैं। बस आपकों एक रात पहले दाल को भिगोना होगा और अगले दिन उसमें दूध मिलाकर उसका पेस्ट तैयार कर लें। इस पैक को कुछ देर तक लगाए रखें और फिर इसे ठन्डे पानी से साफ कर दें।

  • शहद का फेस पैक १ 

शहद का फेस पैक तैयार करने के लिए आपको शहद में नींबू का रस मिलाना होगा। फिर इन दोनों चीजों से तैयार हुए पेस्ट को अपने चेहरे पर अच्छे से  लगा लें।10 मिनट के बाद इसे फिर पानी से साफ कर लें।

  • शहद का फेस पैक २ 

शहद और पपीता लेकर इसमें मुल्तानी मिट्टी मिला लें। इसे चेहरे और शरीर के उन हिस्सों पर लगाएं जहां होली का जिद्दी रंग चढ़ा हो। इसे स्क्रब के तौर पर इस्तेमाल करें। ऐसा करने से रंग एक बार में नहीं जाएगा लेकिन हल्का हो जाएगा। इसके अलावा इससे आपकी स्किन भी खराब नहीं होगी। इस पेस्ट को एक-दो दिन इस्तेमाल करें।

  • खीरे का फेस पैक

खीरे का प्रयोग भी रंग छुड़ाने के लिए किया जाता रहा है। खीरे का रस निकालकर उसमें थोड़ा सा गुलाब जल और एक चम्मच सिरका मिलाकर पेस्ट तैयार करें, इससे मुंह धोएं। चेहरे के रंग भी छूट जाएंगे और त्वचा में निखार भी आ जाएगा।

  • संतरे के छिलके का फेस पैक 

चेहरे पर दाने हैं और रंग भी जम गए हैं तो संतरे के छिलके व मसूर की दाल व बादाम को दूध में पीसकर पेस्ट बनाएं इस तैयार उबटन को पूरी त्वचा पर मसलें और धो लें। आपकी त्वचा साफ हो जाएगी और उसमें निखार भी आएगा।

  • पेट्रोलियम जेली

रंग छुड़ाने के लिए पेट्रोलियम जेली भी बढ़िया उपाय है। कॉटन के कपड़े या कॉटन में पेट्रोलियम जेली लगा लें। जहां रंग लगा हो वहां हल्के हाथ से इसे मले। इसके बाद साफ गीले कपड़े से रंग पोंछ दें। 





ध्यान रखने वाली अन्य बातें :-

जब आपकी स्किन से ज्यादातर रंग निकल जाए तो अपनी स्किन को सुरक्षित करने के उपाय अपनाएं। होली के रंगों से ज्यादातर रैशेज और इरिटेशन हो सकता है। खासकर अगर आपके ऐक्ने हैं तो मुश्किल और भी बढ़ सकती है। लिहाजा होली खेलने के बाद जब चेहरे से पैक वगैरह हटा लें और कैलामाइ में गुलाब जल मिलाकर पेस्ट बना लें और इसे चेहरे पर लगाएं।

  • हाथ और पैरों को कैसे रखें सुरक्षित ?

होली के रंगों को बनाने के लिए कई तरह के रासायनिक (कैमिकल) का इस्तेमाल किया जाता है। ये रासायनिक त्वचा के लिए हानिकारक होते हैं। इसलिए होली खेलने के बाद अपने शरीर पर अच्छे से लोशन लगा  लें। ताकि आपकी त्वचा में नमी बनी रहे। वहीं होली में शामिल होने से पहले हाथों और पैरों को रंगों से सुरक्षित रखने के लिए अपने सारे शरीर पर तेल या फिर किसी क्रीम को अच्छे से मल लें। ताकि रंग आपकी त्वचा के ऊपर ही रहें।

  • नाखूनों को कैसे रखें सुरक्षित ?

अक्सर होली खेलने समय आपके नाखूनों पर भी रंग लग जाता है, जिसको निकालना काफी मुश्किल हो जाता है। इसलिए होली खेलने से पहले अपने नाखुनों पर आप कोई क्रीम या तेल लगा लें। ऐसा करने से रंग आपके नाखुनों पर नहीं चढ़ पाएगा। वहीं अगर आपके नाखूनों पर फिर भी रंग चढ़ जाता है तो आप नीबू की मदद से इस छुटा सकते हैं।

  • बालों को कैसे रखें सुरक्षित ?

सरसों या नारियल तेल की मदद से अपने बालों की रक्षा होली के रंगों से की जा सकती है। बालों पर तेल लगे होने के चलते रंग आपके बालों की जड़ों तक नहीं पहुंच पाएगा।

  • आंखों को कैसे रखें सुरक्षित?

होली खेलते वक्त आंखों में अक्सर रंग चले जाते हैं। जिसके चलते आंखों में जलन और खुजली होने लगती है। इसलिए आप जब भी होली खेलने जाए तो चश्मा या सनग्लास जरूर पहन लें। ताकि रंग आपकी आंखों तक ना पहुंच पाए। वहीं अगर आपकी आंखों में फिर भी रंग चला जाता है, तो ठंड पानी से अपनी आंखों को अच्छे से धो लें।

  • साबुन का इस्तेमाल ना करें

चेहरे की त्वचा काफी कोमल होती है इसलिए चेहरे से रंग साफ करते समय चेहरे को रगड़े नहीं। वहीं हो सके तो चेहरे से रंग उतारने के लिए साबुन की जगह घर पर बनें फेस पैक का ही इस्तेमाल करें।

यह भी पढ़ें :-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!